एक ही रात में पांच घरों में चोरी, लोगों ने किया हंगामा
मोदीनगर। हापुड़ मार्ग स्थित खंजरपुर गांव में रविवार रात बदमाशों ने पांच घरों से दो लाख की नकदी, लाखों के गहने चुरा लिए। साथ ही दो किसानों के ट्यूबवेल से मोटर चोरी कर ले गए। घटना के विरोध में गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और शीघ्र खुलासा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। तीन दिन पूर्व भी इसी क्षेत्र में हथियार बंद बदमाशों ने कार मैकेनिक व उसके साथी को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम दिया था।
गांव खंजरपुर निवासी अनुज कुमार टेलर है। उन्होंने बताया गया कि बहन का रिश्ता पक्का हो चुका है और वह शादी के लिए सामान एकत्र कर रहे हैं। रविवार रात वह परिवार सहित घर में सो रहे थे। बदमाश दीवार फांदकर घर में दाखिल हुए और कमरे में सेफ का लॉकर तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी और पांच लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने चांदी के गहने चोरी कर लिए। इसके अलावा बदमाशों ने नरेंद्र के घर से बीस हजार रुपये की नकदी व तीन लाख रुपये की कीमत के गहने और पूर्व सैनिक कपिल के मकान से 15 हजार रुपये की नकदी, सुधीर के मकान से कीमती कपड़े और विजयपाल के मकान से दो मोबाइल चोरी कर लिए। सोमवार सुबह लोगों को घटना की जानकारी हुई। गांव के जंगल से बदमाशों ने जग्गी व एक अन्य किसान की टयूबवेल की दीवार तोड़कर मोटर व अन्य सामान चोरी कर ले गए। सोमवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए चेतावनी दी कि तीन दिन में घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ तो तहसील पर आंदोलन किया जाएगा। सीओ सुनील कुमार सिंह का कहना है कि पुलिस मामले की जांच की रही है। सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर के अनुसार रिपोर्ट दर्ज कर घटना का खुलासा किया जाएगा।