संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत
मोदीनगर। डिफेंस कॉलोनी निवासी विनीता (20) की रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विनीता के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने पर हंगामा किया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति सहित चार लोगों को के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जनपद मुजफ्फरनगर के खतौली स्थित ककराड़ा गांव निवासी राजवीर सिंह ने अपनी पुत्री विनीता की शादी दिसंबर 2020 में डिफेंस कॉलोनी निवासी दिनेश के साथ की थी। पुलिस को दी तहरीर में विनीता के जीजा ने बताया कि ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर आए दिन उसे प्रताड़ित करते थे। दहेज में कार की मांग की जा रही थी। रविवार सुबह विनीता घर में बेसुध पड़ी मिली। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि महिला के मौत के कारण अभी स्पष्ट नहीं हुए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंजतार किया जा रहा है। पति दिनेश, देवर रवि, ससुर वीर सिंह और सास ब्रह्मवती के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।