ट्यूशन जा रहीं बच्चियों से की अश्लील हरकत
मोदीनगर। दो दिन पूर्व ट्यूशन जा रहीं तीन बच्चियों को खेत में ले जाकर अश्लील हरकत करने का मामला सामने आया है। इनमें दो सगी बहनें और एक उनकी तहेरी बहन है। शोर मचाने पर आरोपी वहां से भाग गया। पीड़ित परिवार ने शनिवार को तहरीर दी।
नगर के एक गांव निवासी महिला की ओर से शनिवार को थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उसकी नौ व दस वर्षीय दो पुत्री अपनी दस वर्षीय तहेरी बहन के साथ चार अगस्त की शाम ट्यूशन पढ़ने जा रही थीं। गांव का एक युवक उन्हें सामान दिलाने के बहाने बहलाकर जंगल की तरफ ले गया और वहां खेत में ले जाकर उनके साथ अश्लील हरकत करने लगा। आरोपी ने काफी देर तक बच्चियों को परेशान किया। वहां से गुजरे किसी राहगीर ने उसकी हरकत देख शोर मचा दिया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।