गाड़ी में लोड किया सामान घर पहुंचाया नहीं, मांग रहे रकम
मोदीनगर। एमडीएस फाइनल ईयर की छात्रा ने अपना घरेलू सामान अपने घर भेजने के लिए एक ट्रांसपोर्ट कंपनी से संपर्क किया और तय राशि पर सामान बुक कर दिया। रुपये जमा कराने के बाद शातिरों ने गाड़ी में कॉलेज से छात्रा का सामान लोड कर ले गए लेकिन घर नहीं पहुंचाया। आरोपी छात्रा ने सामान लौटाने के एवज में रकम मांग रहे हैं। छात्रा ने इनकार किया तो आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर लिया।
मूलरूप से श्रीनगर निवासी अरिबा जैनब कादराबाद स्थित एक डेंटल कॉलेज में एमडीएस फाइनल ईयर की छात्रा है। अरिबा ने बताया कि उसने अपना कुछ शैक्षिक और घरेलू सामान भेजने के लिए इंटरनेट पर एक ट्रांसपोर्ट कंपनी सर्च की। कंपनी के नियम व शर्तों के अनुसार छात्रा ने बीते बृहस्पतिवार को करीब 12 हजार रुपये उसके खाते में जमा करा दिए। रकम जमा होने के बाद बृहस्पतिवार शाम ट्रांसपोर्ट कंपनी के कर्मचारी एक गाड़ी में कॉलेज से छात्रा का सामान लोड कर ले गए। आरोप है कि कुछ देर बाद कंपनी ने छात्रा से 25 हजार रुपये और जमा कराने की बात कही। छात्रा ने कारण पूछा तो आरोपियों ने सामान का वजन कई क्विंटल अधिक होना बताया। छात्रा ने सामान का निर्धारित वजन करीब दौ सौ किलो ही बताया और रकम देने से इनकार कर दिया। छात्रा के इनकार करने के बाद आरोपियों ने अपना फोन बंद कर लिया। शुक्रवार को छात्रा गाजियाबाद स्थित कंपनी के पते पर पहुंची तो वहां से सामान गायब मिला तथा आरोपी फरार हो गए। छात्रा ने गायब सामान की कीमत लाखों रुपये बताई है। उसने शुक्रवार को मोदीनगर थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह का कहना है कि आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।