अलग-अलग हादसों में बाइक सवार दंपती समेत तीन घायल
मुरादनगर। अलग-अलग सड़क हादसों में मंगलवार रात बाइक सवार दंपती समेत तीन लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गाजियाबाद विजयनगर निवासी प्रवीन कुमार बाइक से मंगलवार रात करीब 10 बजे अपनी पत्नी शीला के साथ मेरठ से घर लौट रहा था। दिल्ली-मेरठ हाईवे पर मनोटा गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने ओवरटेक करने के चक्कर में बाइक में साइड मार दी। कार की साइड लगते ही दंपती गिरकर घायल हो गए। राहगीरों ने दंपती को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। इसके अलावा हाईवे पर बस स्टैंड के पास कार की टक्कर से बाइक सवार नीटू निवासी ब्रिजविहार कॉलोनी घायल हो गया। पुलिस से पीड़ितों ने गुहार लगाई है।