टोल टैक्स बचाने के लिए आरोपी ने दिखाई पुलिसकर्मी की आईडी
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के मेरठ-दिल्ली एक्सप्रेसवे स्थित काशी टोल प्लाजा पर मंगलवार सुबह खुद को चिकित्सक बताकर एक कार चालक ने टोल टैक्स न देने के लिए रौब गालिब किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी की आईडी भी दिखाई। टोल कर्मियों ने उसकी एक न सुनी। पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया है।
गाजियाबाद से मेरठ आ रहे कार सवार ने टोल टैक्स देने से बचने के लिए वीआईपी लाइन से कार निकालने का प्रयास किया। टोल लाइन पर खड़े टोलकर्मी ने उसे रोक लिया। अपने को एक बड़े अस्पताल का चिकित्सक बताकर रौब गालिब करना शुरू कर दिया। हंगामा देखकर अन्य टोलकर्मी भी पहुंच गए। कार चालक ने उन्हें भी धमकाते हुए रौब गालिब किया। इस दौरान टोलकर्मियों और कार चालक में जमकर नोकझोंक हुई। एएसपी अंतरिक्ष जैन का कहना है कि किसी की ओर से तहरीर नही दी गई है, शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।