मनसबिया 18 जून को मनाएगा अपनी की 146वीं वर्षगांठ
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक राजस्व देने वाली वक़्फ संपत्तियों में से एक मनसबिया 18 जून को अपना 146वां स्थापना दिवस मनाएगा। इस मौके पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें शिया समुदाय से जुड़े तमाम मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसमें मौजूदा वर्ष में किसी बोर्ड परीक्षा, नीट-जेईई, पीसीएस अथवा यूपीएससी परीक्षा में समुदाय का नाम रौशन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में शिया वक़्फ बोर्ड के चेयरमैन अली ज़ैदी और शिया धर्म गुरु मौलाना कल्बे जव्वाद समेत कई प्रमुख शख्सियतों को बुलाने का कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है। वक़्फ मनसबिया के मुतवल्ली दानिश जाफरी के अनुसार इस कार्यक्रम में वक़्फ बोर्ड शिया समुदाय के आर्थिक रूप से कमज़ोर लोगों के लिए सस्ते आवास की योजना का भी ऐलान हो सकता है। बता दें कि वक़्फ मनसबिया का गठन 18 जून 1878 को मेरठ के सबसे प्रभावशाली व्यक्तियों में से एक नवाब मंसब अली ख़ान ने किया था। इसमें कर्बला और मस्जिद के अलावा मनसबिया अरेबिक कालेज भी शामिल है।