पांच पेट्रोल पंप मालिकों समेत 15 पर लगेगा गैंगस्टर
मेरठ। मिलावट और घटतौली करने वाले पांच पेट्रोल पंप मालिकों समेत 15 आरोपियों पर पुलिस ने गैंगस्टर लगाने की तैयारी शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि फरार आठ आरोपियों की तलाश में रविवार को एसटीएफ ने कई जगह पर दबिश दी है। कोई हत्थे नहीं चढ़ा। वहीं, मैकेनिक देवेंद्र उर्फ सतेंद्र को परतापुर पुलिस ने रविवार को कोर्ट में पेश कर दिया, जहां से वह जेल चला गया।
एसटीएफ मेरठ में बृहस्पतिवार को नायरा कंपनी के 11 पेट्रोल पंप पर एक साथ छापा मारा था। सैनी इंचोली स्थित रॉयल फिलिंग स्टेशन, परतापुर स्थित चंद्रप्रकाश एंड संस, हस्तिनापुर स्थित सिद्धबली फिलिंग स्टेशन, माधवपुरम स्थित सालासर और बागपत के सिंघावली अहीर में पेट्रोल पंप पर डिवाइस लगाकर घटतौली और मिलावट का खेल होता मिला। डिवाइस लगाने के आरोपी देवेंद्र और को भी परतापुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया हैं। तीन पेट्रोल पंप मालिक ऐश्वर्या गुप्ता, राकेश कुमार गुप्ता, अवनीश गोयल समेत सात आरोपियों को जेल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में 15 लोगों के खिलाफ 4 थानों में मुकदमे पंजीकृत कराए थे। राकेश गुप्ता की पत्नी सीमा गुप्ता, राहुल त्यागी, रीता पत्नी राजकुमार, सत्येंद्र कुमार, मामचंद, संजीव कुमार, सुशांत मिश्रा, संचित गुप्ता फरार है। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस के साथ दबिश दी जा रही है। जल्द फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जाएगा। गैंगस्टर की भी पुलिस ने तैयारी शुरू कर दी।