मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में बुधवार को ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम किया गया। कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने स्वयं पौधा लगाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने सभी शिक्षकों, छात्रों और कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि केवल पौधा लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी देखभाल करना और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आज पर्यावरण संकट एक वैश्विक चुनौती बन चुका है। प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन, वन विनाश और कार्बन उत्सर्जन जैसे मुद्दों ने मानव जीवन को गंभीर खतरे में डाल दिया है। ऐसे में पौधरोपण एक आशा की किरण है, लेकिन यह कार्य महज औपचारिकता बनकर न रह जाए, इसका विशेष ध्यान रखना होगा। जब तक वह पौधा एक मजबूत पेड़ नहीं बन जाता, तब तक उसकी जिम्मेदारी निभाना आवश्यक है। यदि हर व्यक्ति साल में एक पौधा लगाए और उसकी जिम्मेदारी उठाए, तो न केवल हरियाली बढ़ेगी, बल्कि हमारा पर्यावरण भी शुद्ध और संतुलित रहेगा। इस दौरान प्रति कुलपति प्रो. मृदुल कुमार गुप्ता, कुलसचिव डॉ. अनिल कुमार यादव, वित्त अधिकारी रमेश चंद्र, चीफ प्रॉक्टर प्रो. बीरपाल सिंह, प्रो. जितेंद्र ढाका, प्रो. नीलू जैन गुप्ता, प्रो. राकेश कुमार शर्मा, मीडिया सेल सदस्य मितेंद्र कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।