गांव झिझांडपुर में गंदगी से अटा तालाब।
- फोटो : MAWANA
फलावदा। गांव झिंझाड़पुर स्थित तालाब गंदगी से अटा पड़ा है। इसकी सफाई कराए बिना ही ग्राम प्रधान ने लाखों रुपये का भुगतान करा लिया है।
जानकारी के मुताबिक गांव झिंझाड़पुर में सरकारी स्कूल के समीप स्थित तालाब की सफाई नहीं होने के कारण आसपास के खेतों में पानी भर गया है। जिसके चलते किसानों की फसलें खराब होने का अंदेशा बना हुआ है। इतना ही नहीं उसे मच्छर आदि जाने से मलेरिया एवं डेंगू आदि फैलने का खतरा बन गया है। ग्रामीणों के मुताबिक सरकार की योजना के तहत गांव के तालाब की बरसात से पहले सफाई होनी थी, लेकिन ग्राम प्रधान ने सरकारी स्कूल के समीप वाले तालाब की सफाई नहीं कराई। जिससे बारिश होने के कारण तालाब लबालब भर गया है। इतना ही नहीं तालाब का पानी आसपास के खेतों में भरने लगा है। साथ ही तालाब गंदगी से अट गया है। ग्रामीणों का कहना है ग्राम प्रधान ने तालाब की सफाई कराने के नाम पर लाखों रुपये का गबन कर लिया है। गांव स्थित तालाब की एक दिन भी सफाई नहीं कराई गई। ग्राम प्रधान ने तालाब की सफाई कराए बिना ही गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास विकास कार्यों का लगाए गए बोर्ड पर तालाब की सफाई भी दर्ज करा दी है। ग्राम प्रधान ने संबंधित अधिकारियों से साठगांठ कर सरकारी धन का गबन किया है। तालाब की सफाई के नाम पर दो लाख रुपये का भुगतान करा लिया है। वहीं, ग्राम प्रधान सुरेश का कहना है तालाब की सफाई का धन नालों की सफाई आदि में लगा दिया है। तालाब की सफाई भी कराई जाएगी।