मेरठ। कंकरखेड़ा क्षेत्र के खड़ौली गांव में हर्ष फायरिंग में सुभाष की मौत के मामले में लाइसेंसी पिस्टल के मालिक पूर्व सैन्य कर्मी अजय को भी पुलिस ने आरोपी बनाया है।अजय की तलाश में एसओजी सहित पुलिस की चार टीमें काम कर रही हैं। पिस्टल से फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी संदीप उर्फ विक्की को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया था। पुलिस अधीक्षक विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि आदेश की शादी के दौरान जश्न में संदीप ने अपने दोस्त अजय की लाइसेंसी पिस्टल से हवाई फायरिंग की थी। एक गोली छत पर जल दे रहे राजमिस्त्री सुभाष के जबड़े में लगी जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई थी। मृतक की पत्नी पुष्पा ने संदीप के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने संदीप को तुरंत गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में सामने आया कि पिस्टल अजय की थी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पूर्व सैन्य कर्मी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।