मेरठ परीक्षितगढ़ थानाक्षेत्र के आलमगिरपुर बढला गांव में पूर्व प्रधान की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई है, जो 10वीं क्लास का छात्र था। परीक्षितगढ़ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने छात्र के चार दोस्तों को हिरासत में लिया है जो घटना के समय उसके साथ थे। जिनका कहना है कि पूर्व प्रधान के बेटे ने तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या की है। हालांकि पुलिस उनकी कहानी पर विश्वास नहीं कर रही।
सोमवार शाम करीब छह बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि पूर्व प्रधान दर्शन सिंह के 16 वर्षीय बेटे अनमोल की की गोली लगने से मौत हो गई है, जिसका शव अस्पताल में है। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। जांच में सामने आया कि अनमोल ने हाल ही में 10वीं की परीक्षा दी थी। जो सोमवार को अपने दोस्तों के साथ माछरा गया था।
दोपहर करीब दो बजे वह पांचों दोस्त अलग-अलग बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान परिजनों को पता चला कि रहदरा पसवाड़ा के पास रास्ते में अनमोल घायल अवस्था में पड़ा है, जिसके सिर में गोली लगी हुई है। परिजन उसे लेकर अस्पताल में पहुंचे, जहां पर शाम के समय उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने उसके चारों दोस्तों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पूछताछ दोस्तों ने बताया है कि रास्ते में उसने बाइक रोकी और तमंचा लेकर गन्ने के खेत में चला गया। वहां जाकर उसने खुद को गोली मार ली। उन्होंने इसकी जानकारी गांव में जाकर दे दी थी। फिलहाल पुलिस सभी से पूछताछ में जुटी है।
परिजन बोले, कभी नहीं खाया जहर
पूछताछ में उसके दोस्तों ने यह भी बताया कि अनमोल ने बाइक रोकते ही कहा था कि उसने पहले जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन बच गया था। इस बार वह गोली मार लेगा और जिंदा नहीं बचेगा। इसके बाद वह खेत में घुस गया था। उधर, परिजनों का कहना है कि अनमोल ने कभी जहर नहीं खाया।
अभी तक इस मामले में तहरीर नहीं दी गई है। दोपहर की घटना है, परिजनों की तरफ से शाम के समय पुलिस को सूचना दी गई। मामला संदिग्ध लग रहा है। फिलहाल चार दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। - कमलेश बहादुर, एसपी देहात