विधि विभाग में स्मृति गौरव एवं पुनर्मिलन समारोह का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेरठ कॉलेज के विधि विभाग में गुरुवार को स्मृति गौरव एवं पुनर्मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान विभाग के पूर्व विभागाध्यक्षों की चित्र-दीर्घा का अनावरण किया गया। वर्षों बाद पूर्व विभागाध्यक्षों और सेवानिवृत्त शिक्षकों के एक मंच पर जुटने से पुरानी यादें ताजा हो गईं। कार्यक्रम में वरिष्ठतम पूर्व विभागाध्यक्ष प्रो. ओपी गर्ग ने कहा कि मेरठ कॉलेज का विधि विभाग पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित विधि विभागों में रहा है। गुणवत्तापूर्ण विधि शिक्षा सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए आवश्यक है। नागरिकों को मौलिक अधिकारों के साथ अपने मौलिक कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि विधि समाज के विभिन्न और परस्पर विरोधी हितों में सामंजस्य स्थापित करने का कार्य करती है तथा राष्ट्र के विकास के साथ विधि का भी निरंतर विकास होता है। पूर्व प्राचार्या प्रो. अंजलि मित्तल ने आयोजन को अभिनव पहल बताते हुए कहा कि इससे पुराने और वर्तमान शिक्षकों के बीच संवाद तथा अनुभवों के आदान-प्रदान का अवसर मिला है। इससे शिक्षण कला और अकादमिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने की प्रेरणा मिलेगी।