मवाना। लक्ष्मी देवी आर्य कन्या डिग्री कॉलेज में प्रॉक्टोरियल बोर्ड की नवनिर्वाचित सदस्यों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। प्राचार्य डॉ. शक्ति साहनी ने कहा कि स्वतंत्र प्रजातंत्र का आधार स्वस्थ चुनाव प्रणाली है। छात्राओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर प्रॉक्टोरियल बोर्ड की सदस्यों का चुनाव किया है। उन्होंने कहा कि किसी भी महाविद्यालय की आधारशिला अनुशासन और संस्कारों पर आधारित होती है। प्राचार्य ने निर्वाचित छात्राओं से अपील की कि वह महाविद्यालय की अनुशासन व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग दें और संस्थान को अनुशासन व संस्कारों के बल पर नई ऊंचाइयों पर ले जाएं। इस दौरान सर्वसम्मति से नीता वर्मा को मुख्य प्रॉक्टर मनोनीत किया गया और बीए तृतीय वर्ष की छात्रा स्वाति को चीफ प्रॉक्टर चुना गया।