कूच विहार ट्रॉफी : भामाशाह पार्क में यूपी की टीम ने किया अभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। पांच नवंबर से अंडर-19 कूच विहार ट्रॉफी में यूपी और केरल के बीच चार दिवसीय मुकाबला शुरू होगा। बृहस्पतिवार को यूपी की टीम ने भामाशाह पार्क मैदान में नेट पर अभ्यास किया। यूपी की 18 सदस्यों वाली टीम बुधवार को मेरठ पहुंच गई थी। बृहस्पतिवार दोपहर केरल की टीम भी मेरठ पहुंच गई। केरल की टीम के खिलाड़ियों ने मैदान का मुआयना जरूर किया, लेकिन अभ्यास नहीं किया।
यूपी की टीम में मेरठ के चार खिलाड़ी खेलेंगे। जिनमें दाएं हाथ के बल्लेबाज मानव सिंधू, तेज गेंदबाज अजय कुमार व शिवम उज्ज्वल, विकेट कीपर व बल्लेबाज चैतन्य पाराशर 18 सदस्यता वाली टीम में शामिल हैं। हल्की ठंड के बीच टॉस जीतना दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण होगा, पहले गेंदबाजी करने वाली टीम को लाभ मिल सकता है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा मैच के आयोजन को लेकर तैयारी चल रही है। मैदान के चारों ओर कैमरे लगाए जा रहे हैं, जबकि मीडिया से लेकर दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। बृहस्पतिवार को मैदान पर तैयारियों को लेकर बीसीसीआई पिच क्यूरेटर रविंद्र चौहान, जिला क्रिकेट संघ सचिव सुुुरेंद्र चौहान, कोच संजय रस्तोगी, कोषाध्यक्ष राकेश गोयल मैदान पर रहे।