चेकिंग में दो विद्यालयों से पांच शिक्षक-शिक्षिकाएं गैर हाजिर मिली
हस्तिनापुर। खंड शिक्षा अधिकारी ने बुधवार को विकासखंड हस्तिनापुर के गांव सैफपुर करमचंदपुर और नंगला चांद आदि स्थित प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में चेकिंग की। जिसमें दो विद्यालयों में पांच अध्यापक और अध्यापिकाएं गायब मिले। बीईओ ने बीएसए को रिपोर्ट भेजकर वेतन रोकने और अन्य कार्यवाही की मांग की है। बुधवार को खंड शिक्षा अधिकारी ज्ञानचंद ने बताया कि लगातार अध्यापक और अध्यापिकाओं की विद्यालय में उपस्थित ना होने की शिकायत मिल रही थी। बुधवार को सैफपुर करमचंदपुर गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में पहुंचे जहां अध्यापिका दीपाली रानी, मोनिका बिश्नोई, सविता गौतम, शाहिद हसन गायब मिले। उसके बाद नगला चांद के प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक लोकेंद्र कुमार भी उपस्थित नहीं थे। खंड शिक्षा अधिकारी ज्ञानचंद ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को अनुपस्थित दिनों का वेतन रोकने और इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग करते हुए रिपोर्ट भेजी। बीईओ के मुताबिक सुबह 8 से 2 बजे तक सभी शिक्षक और शिक्षिकाएं विद्यालयों में उपस्थित रहें। उन्होंने कहा कि चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। कहा कि प्रधानाध्यापक छात्रों को जल्द से जल्द ड्रेस का वितरण कर दें। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।