पहले पीटकर ससुराल से निकाला, फिर मायके में भी आकर पीटा, पति सहित पांच लोगों पर मुकदमा दर्ज
सरधना। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। इसके बाद विवाहिता के मायके पहुंचकर विवाहिता व उसके परिजनों को पीटा और जल्द मांग पूरी न होने पर तलाक देने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़िता ने थाने में नामजद तहरीर दी। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है।
नगर के मोहल्ला खेवान निवासी विधि पुत्री सुशील कुमार ने बताया कि उसकी शादी रजपुरा पंजाब में हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। 15 सितंबर को ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर उसे बेरहमी से पीटा था। उसे बेसुध हालत में घर से बाहर निकाल दिया था। तब से ही वह मायके में रह रही है। आरोप है कि पति व अन्य ससुराल वाले उसके मायके में आ धमके। उन्होंने दहेज की मांग दोहराई। परिजनों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उनकी पिटाई की। बीचबचाव में आने पर उसे बेरहमी से पीटा। आरोपी जल्द मांग पूरी न होने पर उसे तलाक देने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़िता ने थाने में तहरीर दी। पुलिस ने पति रमनदीप, ससुर सोमपाल, सास शिमला देवी, जेठ देवेंद्रपाल, ननद अनीता व जेठानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया और जांच में जुट गई।