मेरठ में किठौर थाना क्षेत्र के खंदावली गांव के निकट किठौर के भाजपा विधायक सत्यवीर त्यागी पर बाइक सवार युवकों ने गोली चला दी। विधायक बाल-बाल बच गए। उनके दोनों गनर हमलावरों के पीछे दौडे़, लेकिन वे हाथ नहीं आए। विधायक ने अपनी हत्या की साजिश की आशंका जताई है। सूचना पर पुलिस अफसर मौके पर पहुंच गए थे। विधायक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार रविवार शाम भाजपा विधायक सत्यवीर सिंह सिंहपुर गांव में कबड्डी प्रतियोगिता का उद्घाटन कर स्कॉर्पियो गाड़ी से घर लौट रहे थे। उनके साथ उनके व्यक्तिगत सहायक विजय भारद्वाज, दो गनर जितेंद्र सिंह, अनु चौधरी भी थे। गाड़ी विधायक का चालक मोनू चला रहा था। विधायक ने बताया कि शाम करीब 6:20 बजे उनकी गाड़ी जब किठौर क्षेत्र में ही खंदावली और अमरपुर के बीच बाग के निकट पहुंची तो उन्होंने लघु शंका के लिए गाड़ी रुकवा ली थी। इस दौरान वहां दो बाइकों पर चार-पांच युवक पहुंचे। युवकों ने उन्हें पहले गालियां दीं और फिर उनके ऊपर फायर कर दिया। गोली की आवाज सुनकर दोनों गनर और पीए हमलावरों के पीछे दौडे़, लेकिन वे फरार हो चुके थे। 100 नंबर पर घटना की सूचना दी गई तो मौके पर सीओ और एसओ किठौर पहुंच गए और विधायक से घटना की जानकारी ली। आसपास खेतों में कांबिग की गई। वहीं, सांसद राजेंद्र अग्रवाल सहित कई भाजपा नेता विधायक के आवास पर उनका हाल जानने पहुंचे।
कोट
एसपी देहात राजेश ने बताया कि विधायक की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई थी। आसपास के खेतों में कांबिंग की गई। जांच पड़ताल की जा रही है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/