उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गुरुवार सुबह राजकीय मेडिकल कॉलेज पिलखनी के छात्रावास के कमरे में अचानक आग लगने के कारण एक एमबीबीएस छात्र का सामान जलकर राख हो गया। हादसे के समय छात्र इंटर्नल एग्जाम देने के लिए मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक भवन में गया हुआ था। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कहा की प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण बिजली के अंडे उबालने के बॉयलर का अधिक गर्म होकर फटना या फिर चार्जिंग पर लगे मोबाइल का गर्म होकर फटना हो सकता है।
जानकारी के अनुसार राजकीय मेडिकल कॉलेज के छात्रावास के प्रथम तल के कमरा नंबर-9 से अचानक धुआं उठता देख हड़कंप मच गया। एमबीबीएस के कुछ छात्रों ने तत्काल ही मेडिकल प्रशासन को सूचना दी तो मेडिकल प्रशासन की सूचना पर अग्निशमन विभाग सोराना की टीम भी कुछ ही मिनटों में मेडिकल कॉलेज पहुंच गई। अग्निशमन कर्मियों ने किसी प्रकार कमरे का दरवाजा खोलकर आग बुझाई। हालांकि तब तक कमरे में रखा छात्र का सामान कपड़े बिस्तर आदि जलकर राख हो चुका था।
जानकारी मिलने पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी सहारनपुर तेजवीर सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे। बताया जाता है कि कमरा आदित्य नाडिया नाम के एमबीबीएस 2018 बैच के छात्र का था, जो आंतरिक परीक्षाएं देने के लिए मेडिकल कॉलेज के ही शैक्षणिक भवन में गया हुआ था। मौके पर आए एमबीबीएस छात्र ने बताया कि वो मोबाइल को चार्जिंग पर लगाकर अपने बिस्तर पर रखकर व विद्युत चालित अंडे उबालने वाला बायलर चला कर चला गया था।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी तेजवीर सिंह ने बताया कि जिस समय अग्निशमन कर्मियों ने आग बुझाने के बाद कमरे की जांच की तो मोबाइल फटा हुआ मिला जिसके अवशेष कमरे में फैले हुए थे, ये ही स्थिति अंडे उबालने के बायलर की भी थी।