मेरठ। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में न्यू मोहनपुरी कांजी हाउस के पास जगपाल बालूजा का तीन मंजिल का मकान है। सबसे नीचे उनका परिवार रहता है। जबकि तीसरी मंजिल पर सब्जी विक्रेता प्रेमपाल पत्नी धनवती और दो बच्चों के साथ किराए पर रहता है। शुक्रवार रात करीब आठ बजे धनवती रसोई में खाना बना रही थी। प्रेमपाल सो रहे थे और दोनों बच्चे खेल रहे थे। तभी सिलिंडर में आग लग गई और धनवती ने शोर मचाया तो प्रेमपाल नींद से जाग गए। दंपती दोनों बच्चों को लेकर बाहर बरामदे में आ गए। परिवार ने शोर मचाया तो मौके पर पहुंचे लोगों ने उन्हें नीचे उतारा। दमकल कर्मियों ने सबसे पहले सिलिंडर को नीचे उतारकर नाले में फेंक दिया। हालांकि तब तक कमरे का सामान जलकर राख हो गया था। सीएफओ संतोष कुमार राय ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। संवाद