बढ़ापुर के मोहल्ला नोमी में सिलेंडर के फटने से लगी आग : संवाद
बढ़ापुर। कस्बे के मोहल्ला नौमी स्थित एक घर में गैस सिलिंडर फटने से आग लग गई। हादसे में घर में रखा सारा सामान जल गया। परिजनों ने घर से बाहर भागकर जान बचाई। लोगों और अग्निशमन दल ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मोहल्ला नौमी निवासी भारत सिंह का पुत्र अजय कुमार देर शाम घर में गैस सिलिंडर का पाइप चूल्हे से जोड़ रहा था। इसी दौरान पास में जल रहे दीपक के संपर्क में गैस आने से घर में आग लग गई। कुछ ही देर में सिलिंडर में धमाका हो गया। इससे अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षा की दृष्टि से घर में मौजूद सभी परिजन बाहर निकल गए। नगीना में अग्निशमन दल को घटना की सूचना दी गई। अग्निशमन दल के पहुंचने के बाद काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया जा सका। इस घटना में भारत सिंह के घर में रखा कपड़े, आभूषण, नकदी, बर्तन और खाद्य सामग्री समेत सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। संवाद