मुंडाली। मुंडाली थाना अंतर्गत गांव रछौती निवासी बुजुर्ग और उनके 11 वर्षीय पोते पर जानलेवा हमला करने और मारपीट करने पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
बृहस्पतिवार को गांव रछौती निवासी निक्की शर्मा ने मुंडाली थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि बुधवार शाम उसके ससुर चरण सिंह और 11 वर्षीय बेटा अंश पास के गांव हसनपुर कलां से घरेलू सामान लेकर घर लौट रहे थे। वह गांव के बाहरी छोर पर पहुंचे तो गांव के ही रहने वाले संदीप ने उन पर अचानक हमला कर दिया। आरोपी ने उसके ससुर और मासूम बच्चे को गाली-गलौज करते हुए मारपीट की जिससे दोनों कटीली झाड़ियों में जा गिरे। आरोपी संदीप बृहस्पतिवार सुबह धारदार हथियार लेकर उनके घर में घुस आया और हमला कर दिया। शोर मचाने पर पड़ोसी और ग्रामीण मौके पर आ गए। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। सीओ किठौर का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की लगातार तलाश की जा रही है। जल्द उसे गिरफ्तार किया जाएगा।