मवाना। व्यापारी से फोन पर रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
अटौरा रोड निवासी व्यापारी आमिर मलिक ने थाने में दी तहरीर में बताया था कि उसकी गोल मार्केट के पास सोना गारमेंट्स के नाम से दुकान है। 29 नवंबर को वह अपनी दुकान पर बैठा काम कर रहा था। शाम 6:00 बजे मोहल्ले के ही एक युवक की उसके व्हाट्स एप पर कॉल आई। काॅल करने वाले ने 10 हजार रुपये की मांग की, गाली गलौज करते हुए आरोपी ने धमकी दी कि यदि 10 हजार रुपये नहीं मिले तो दुकान पर ही आकर गोली मार देगा। इस धमकी से वह काफी डरा हुआ है क्योंकि उसे पता चला है कि आरोपी पहले भी अपने साथी के साथ मिलकर मवाना निवासी अन्य व्यक्ति से 50 लाख रुपये की मांग कर चुका है। इसके खिलाफ मवाना थाने में मुकदमा दर्ज है। आरोपी जमानत पर बाहर आया हुआ है। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रंगदारी मांगने वाले आरोपी सुहेल उर्फ ठोली निवासी अटौरा रोड के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।