सरधना। कस्बे के ईदगाह रोड नई बस्ती में रविवार को दो पक्षों के बीच रंजिश को लेकर हुई मारपीट में महिला व एक युवक घायल हो गया। पीड़िता फिरदौस पत्नी मेहरूद्दीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि पड़ोसियों ने उसके बेटे के साथ मारपीट शुरू कर दी। बेटे की चीख-पुकार सुनकर वह मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने लगी तो आरोपियों ने उसके साथ भी हाथापाई की। फिरदौस का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके सोने के कुंडल और लोंग छीन ली। पीड़िता थाने पहुंची और नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। उधर, पुलिस ने मामले को आपसी विवाद में मामूली मारपीट होना बताया है। सीओ आशुतोष कुमार ने कहा कि प्रारंभिक जांच में यह घटना कहासुनी के बाद हुई सामान्य मारपीट प्रतीत होती है। अभी तक लूट की पुष्टि नहीं हुई है। तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।