मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में शादी समारोह के दौरान पानी मांगने को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान महिलाओं को भी पीटा गया। आरोप है कि इस दौरान महिलाओं से आभूषण भी लूट लिए गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र स्थित उमर गार्डन की रहने वाली रेशमा ने तहरीर में बताया कि वह परिवार के साथ खुशहाल नगर में शादी समारोह में गई थीं। वहां उसकी बहन अमरीन, उसका पति साजिद और भाई समीर भी थे। आरोप है कि वहां खाना खाने के बाद रेशमा के जीजा साजिद ने पानी मांगा। इस दौरान खाना खिला रहे वसीम, शहाबुद्दीन, इकरामुद्दीन और रियाजुद्दीन ने साजिद, रेशमा व अमरीन और समीर के साथ गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर चारों की पिटाई कर दी। दोनों पक्ष में जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि इस दौरान अमरीन के गले से सोने का सेट भी लूट लिया गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल भेजकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।