स्क्रैप के गोदाम और ट्रक में लगी भीषण आग, तीन गाड़ियों ने पाया काबू
मेरठ। ट्रांसपोर्ट नगर में मंगलवार आधी रात कूड़े के ढेर में आग भड़क गई। इसके बाद यहां खड़े ट्रक और स्क्रैप के गोदाम तक आग फैल गई। भीषण आग को देख अफतराफरी मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। सूचना पर दमकल की तीन गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से लाखों रुपये का नुकसान होना बताया गया है।
जॉनी के निवासी सलीम की ट्रांसपोर्ट नगर में मोटर मैकेनिक की दुकान है। इसके बराबर में ही सिवालखास निवासी जफर का स्क्रैप का गोदाम है। सलीम और जफर मंगलवार रात करीब नौ बजे अपनी-अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए थे। रात करीब 11:30 बजे किसी ने सलीम की दुकान के सामने कूड़े के ढेर में आग लगा दी। आग ने दुकान के बाहर खड़े एक ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया और जफर के स्क्रैप के गोदाम तक पहुंच गई।
आग की ऊंची लपटें देख आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने आग की सूचना दुकान और गोदाम मालिक को दी। बाद में टीपीनगर पुलिस और दमकल की टीम पहुंची। दमकल की तीन गाडियाें को आग बुझाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी। बामुश्किल आग पर काबू पाया। वहीं, कुछ देर बाद जफर व सलीम भी मौके पर पहुंच गए थे। सलीम ने बताया कि आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। टीपीनगर थाना प्रभारी संत शरण सिंह का कहना है कि कूड़े के ढेर में आग लगी थी। इसके चलते ही यह हादसा हुआ।
---
न बुझती आग तो और बड़ा होता हादसा
- टीपीनगर में काफी संख्या में माल से लदे ट्रक और अन्य वाहन खड़े रहते हैं। यहीं पर पेट्रोल पंप भी है। लोगों का कहना था कि यदि यहां से आग और फैल जाती और इसे बुझाया न जाता तो और बड़ा हादसा हो सकता था। यह भी चर्चा रही सर्द मौसम के कारण कूड़े में आग लगाई गई होगी और इससे यह हादसा हो गया। पुलिस का कहना है कि घटना के अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है।