मोदीपुरम (मेरठ)। पल्लवपुरम फेस-2 स्थित कैफे में बैठी महिला इंजीनियर प्राची (24) को शुक्रवार रात पिस्टल से गोली लग गई। यहां 14 वर्षीय कर्मचारी कैफे संचालक की लाइसेंसी पिस्टल से खेल रहा था। इसी दौरान गोली चली और महिला के पैर में लग गई। खून से लथपथ महिला को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना पर पुलिस पहुंची और नाबालिग को हिरासत में लेकर पिस्टल जब्त कर ली। एसपी सिटी आयुष विक्रम का कहना है कि कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरा घटनाक्रम दिख रहा है। उसी के आधार पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। प्राची सेवानिवृत्त सैन्य अधिकारी की बेटी हैं।
जागृति विहार सेक्टर-एक निवासी प्रार्ची अपने भाई मनन के साथ पल्लवपुरम में परिचित गौरव कुमार निवासी शिवनगर मोदीपुरम से मिलने के लिए गई थी। गौरव व ललित पल्लवपुरम में न्यू फ्रेंड के नाम से कैफे चलाते हैं। प्रार्ची नोएडा स्थित एक आईटी कंपनी में इंजीनियर हैं और मनन बीबीए के स्टूडेंट हैं। बहन-भाई कैफे में गौरव के साथ बातचीत कर रहे थे। गौरव ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल टेबल पर रख दी थी। इसी दौरान कैफे में काम करने वाले नाबालिग ने पिस्टल उठाई और उससे खेलने लगा। पिस्टल से अचानक गोली चली और प्रार्ची के दाएं पैर में घुटने से ऊपर लगी। महिला की चीख निकली तो कैफे में अफरातफरी मच गई।
इसके बाद गौरव और मनन प्राची को लेकर पल्लवपुरम स्थित निजी अस्पताल में ले गए। अस्पताल से मीमो पहुंचने के बाद पल्लवपुरम थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। इस वारदात की जानकारी देने से कैफे संचालक और अन्य लोग बचते रहे। सूचना पर पुलिस पहुंची और यहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी। थाना प्रभारी के मुताबिक फुटेज में महिला अपने भाई व दोस्त के साथ बातचीत कर रही हैं। नाबालिग के हाथ में पिस्टल है और वह ट्रिगर दबाते हुए दिखाई दे रहा है। पुलिस ने नाबालिग को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ की। घटना की जानकारी लगने पर एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह भी पहुंच गए। पुलिस ने पिस्टल जब्त कर ली। पुलिस नाबालिग सहित तीन लोगों से पूछताछ कर रही है।
-
सीसीटीवी कैमरे में घटनाक्रम साफ दिखाई दे रहा है। पिस्टल जब्त कर ली और उसका लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। कैफे संचालक, नाबालिग सहित कैफे में मौजूद लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। -डॉ. विपिन ताडा, एसएसपी