मेरठ में पिछले साल हुए मेयर के चुनाव में एमआईएम ने सपा की किरकिरी कराई थी। इस चुनाव में एमआईएम के मोहम्मद अनस 1 लाख 28 हजार वोट हासिल कर दूसरे नंबर पर रहे थे। जबकि समाजवादी पार्टी की उम्मीदवार सीमा प्रधान को एमआईएम से कम वोट मिले थे। वह तीसरे नंबर पर थीं। ऐसे में एमआईएम की ओर से वॉक ओवर मिलना इंडिया गठबंधन के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है। पहले माना जा रहा था कि एमआईएम पश्चिमी यूपी में कम से कम पांच से छह सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ी करेगी। मेरठ से प्रत्याशी उतारने को लेकर पार्टी की जिला इकाई आखिरी समय तक कोशिश करती रही। एमआईएम की निगाह समाजवादी पार्टी के बागियों पर भी थी और योगेश वर्मा पर डोरे भी डाले जा रहे थे। लेकिन आखिरी समय में योगेश वर्मा की पत्नी को समाजवादी पार्टी ने टिकट देकर एमआईएम की उस उम्मीद को भी खत्म कर दिया।