- नगर आयुक्त ने पांच टीम बनाकर कराया निरीक्षण
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। शहर में टॉयलेट और शौचालय की हालत बहुत खराब है। दरवाजे टूटे हैं, दीवार क्षतिग्रस्त है तो कही पर चौकीदार नहीं है। गंदगी के अंबार के चलते सार्वजनिक स्थल पर टॉयलेट व शौचालय में लोग नहीं जाते हैं। इसकी रिपोर्ट शुक्रवार को नगर निगम की गठित पांच टीमों ने नगर आयुक्त को सौंपी है। नगर आयुक्त ने मरम्मत और साफ-सफाई कराने के लिए प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी और मुख्य अभियंता को निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त डॉ. अमित पाल शर्मा ने शुक्रवार को अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, मुख्य अभियंता देवेंद्र कुमार, प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. हरपाल सिंह, सहायक नगर आयुक्त शरद पाल व मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अवधेश कुमार के नेतृत्व में अलग-अलग पांच टीम गठित की। 97 टाॅयलेट और 69 टाॅयलेट एवं शौचालय का निरीक्षण करके शाम पांच बजे तक रिपोर्ट मांगी। निरीक्षण में अधिकांश टॉयलेट और शौचालयों पर गंदगी, दरवाजे टूटे और दीवार क्षतिग्रस्त मिली। जांच रिपोर्ट आने के बाद नगर आयुक्त ने एक सप्ताह में फिर से निरीक्षण कराने की बात कही है। शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।