मेरठ। शताब्दीनगर में 33 केवी की लाइन में फाल्ट होने के कारण बृहस्पतिवार को घंटाघर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। शाम 6 बजे से लेकर रात 8 बजे तक बिजली नहीं रही। वहीं सुबह 5 बजे से 8 बजे तक क्षेत्र में बिजली नहीं रही। इस कारण वैली बाजार, खैरनगर, छतरी वाला पीर आदि क्षेत्रों में बिजली नहीं रही। क्षेत्रीय निवासी व व्यापारी नेता अकरम कुरैशी ने बताया कि बिजली न होने के कारण क्षेत्र के लोगों को पीने का पानी तक नहीं मिल पाया। दिन में कई कई बार बिजली आती जाती रही, जिस कारण क्षेत्रीय लोगों को परेशान होना पड़ा। उन्होंने कहा कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में रोजाना यही हाल चल रहा है। इस संबंध में बिजली अधिकारियों से भी शिकायत की गई है, लेकिन कोई सुधार नहीं हो रहा है। वहीं शास्त्रीनगर, मेडिकल, जयदेवी नगर, लोहिया नगर, रिठानी, परतापुर आदि क्षेत्रों में भी विद्युत आपूर्ति बाधित रही। लोहिया नगर में दोपहर एक बजे से लेकर 3 बजे तक बिजली नहीं रही, जिस कारण उपभोक्ता परेशान रहे। शास्त्रीनगर के ब्लॉक, परवेज विहार में भी बिजली बार-बार आती जाती रही। जागृति विहार सेक्टर आठ में 11 केवी की लाइन में फाल्ट होने के कारण एक घंटे तक बिजली नहीं रही। शारदा रोड ब्रह्मपुरी समेत कई क्षेत्रों में बिजली का यही हाल रहा।