हिन्दी में पहाड़े नहीं सुनाने पर पिता ने की पिटाई, घर से भागा किशोर मिला
किठौर। तीन दिन पूर्व ग्राम ललियाना से लापता 11 वर्षीय दानिश को पुलिस ने दिल्ली के मायापुरी से एक गैराज से बरामद किया। पुलिस ने बताया कि ललियाना निवासी अब्दुल सलाम ने बताया कि उसका बेटा दानिश रविवार दोपहर घर से खेलने की बात कह कर निकला था। शाम तक वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। बुधवार को दानिश के दिल्ली होने की सूचना किसी व्यक्ति ने दानिश के मोदीनगर निवासी रिश्तेदार को दी। पुलिस ने दिल्ली जाकर दानिश को बरामद किया। थाना प्रभारी अरविंद मोहन शर्मा ने बताया कि पूछताछ में दानिश ने बताया कि पिता ने दो का पहाड़ा सुनाने के लिए कहा था। दानिश ने पहाड़ा इंग्लिश में सुनाया। पिता ने हिंदी में पहाड़ा सुनाने को कहा तो वह सुना नहीं सका। इस पर पिता ने पिटाई कर दी थी। इससे नाराज होकर दानिश रविवार को घर से खेलने के बहाने निकला और दिल्ली चला गया। थाना पुलिस ने दानिश को परिजनों के सुपुर्द किया है।