रानीनगला गांव में किसानों जानकारी देते कृषि विशेषज्ञ स्रोत ग्रामीण
हस्तिनापुर। क्षेत्र में गन्ने की फसल में पोका बोइंग रोग के लक्षण दिखने से किसान चिंतित हैं। बृहस्पतिवार को रानी नगला गांव में सौरभ पोसवाल के आवास पर किसानों ने बैठक कर रोग पर चर्चा की। कृषि विशेषज्ञ मुकेश सिंह ने बताया कि पोका बोइंग रोग सामान्यतः अगस्त-सितंबर में गन्ने को प्रभावित करता है। उन्होंने किसानों को फसल की लगातार निगरानी और समय पर आवश्यक उपाय अपनाने की सलाह दी। इसकी रोकथाम के लिए एजोक्सीस्ट्रोबिन, डिफेनोकोनाजोल, थायोफेनेट मिथाइल या कॉपर ऑक्सीक्लोराइड का छिड़काव प्रभावी है। विशेषज्ञ ने दवाओं का प्रयोग निर्धारित मात्रा और सावधानी से करने को कहा। मुकेश सिंह ने किसानों से यूरिया का अनावश्यक प्रयोग बंद करने की अपील की। अधिक यूरिया से रोग तेजी से फैलने की आशंका रहती है। किसानों को नियमित निरीक्षण और शुरुआती लक्षण दिखते ही कृषि विशेषज्ञ से सलाह लेनी चाहिए।