मोदीपुरम। दौराला-मटौर मार्ग स्थित झारखंडेश्वर मंदिर के पास मंगलवार देर रात खेत में सिंचाई करने गए मटौर गांव के निवासी किसान योगेंद्र को बदमाशों ने गोली मारकर घायल कर दिया। बताया गया कि किसान खेत पर पहुंचा था तो वहां खड़े नकाबपोश बदमाशों से भिड़ गया था, जिस पर बदमाशों ने उस पर गोली चला दी, जो किसान के कंधे में लगी। बदमाश फरार हो गए। चीख पुकार पर आसपास के किसान पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार घायल को सीएचसी में भर्ती कराया है। देर रात पुलिस ने ग्रामीणों के साथ बदमाशों की तलाश में कांबिंग की।