फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News: मेरठ-करनाल हाईवे के भूनी टोल पर किसान संगठन ने टोल कराया फ्री, हंगामा

विज्ञापन
विज्ञापन
सरधना। मेरठ-करनाल हाईवे (राष्ट्रीय राजमार्ग 709ए) पर भूनी टोल प्लाजा पर क्षेत्र के ग्रामीणों को छूट नहीं मिलने पर शुक्रवार को भाकियू महात्मा टिकैत गुट के पदाधिकारियों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र के ग्रामीणों को टोल में छूट को लेकर हंगामा किया। हंगामे के दौरान चार घंटे तक टोल फ्री चलता रहा। सीओ सरधना पुलिस को लेकर धरनास्थल पर पहुंचे और समझाने का प्रयास किया, लेकिन टोल कंपनी से सहमति नहीं मिलने पर धरना अनिश्चितकाल के लिए शुरू कर दिया।
विज्ञापन

मेरठ-करनाल हाईवे पर ग्रामीणों को टोल में छूट नहीं मिलने पर शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन महात्मा टिकैत के पश्चिमी यूपी अध्यक्ष मनोज त्यागी ने टोल प्लाजा पर धरना दिया। आरोप है कि टोलकर्मी आसपास के ग्रामीणों का वसूली के नाम पर उत्पीड़न कर रहे हैं। टोल प्लाजा के पास में स्थित भूनी, कक्केपुर, जुल्हेड़ा, ईकड़ी के ग्रामीणों से भी टोल वसूला जा रहा है।
ग्रामीणों से टोल वसूली के विरोध में भाकियू पदाधिकारी शुक्रवार दोपहर टोल प्लाजा पहुंचे। किसान संगठन के पदाधिकारियों ने टोल मैनेजर से क्षेत्र की परिधि के पांच किलोमीटर तक गांव के ग्रामीणों का टोल फ्री कराने की मांग की। इसके अलावा 20 किलोमीटर की परिधि के ग्रामीणों को पास के माध्यम से टोल में छूट की मांग की। मांग पर सहमति नहीं बनने पर कार्यकर्ताओं ने हंगामा शुरू कर दिया।
विज्ञापन

टोल प्रबंधक नवीन हुड्डा ने एनएचएआई की गाइडलाइन के अनुसार ही टोल में छूट देने की बात कही। इसे लेकर कार्यकर्ता हंगामा करते हुए टोल फ्री कराकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। टोल प्लाजा पर हंगामे की सूचना पर थाना पुलिस व सीओ सरधना मौके पर पहुंचे। पुलिस ने भाकियू पदाधिकारियों को समझाते हुए धरना खत्म करने की बात कही, लेकिन, छूट पर सहमति नहीं बनने तक भाकियू पदाधिकारी धरने पर बैठ गए। शुक्रवार दोपहर दो बजे टोल फ्री होने कारण शाम छह बजे तक टोल से करीब पांच हजार वाहन बिना टोल दिए गुजर गए। इससे कंपनी को करीब छह लाख के टोल का नुकसान हुआ। इस मौके पर संगठन के जिलाध्यक्ष निक्की तालियान, हिवाल कांबोज, हनीफ राणा, आशु त्यागी, रुचिन त्यागी, आसिफ, अक्षित त्यागी, सरताज आलम मौजूद रहे।

-टोल पर जाम में फंसा दूल्हा
मेरठ-करनाल हाईवे पर शुक्रवार दोपहर ईकड़ी गांव निवासी दूल्हे की गाड़ी भी जाम में फंस गई। करीब आधे घंटे जाम में फंसने के कारण दूल्हा पक्ष में हंगामा हो गया। टोल कर्मियों की दूल्हे व उसके साथियों से काफी नोकझोंक हुई। पुलिस ने किसी तरह मामले को सुलझाया और दूल्हे कर गाड़ी को जाम से निकलवाकर बरातियों को गंतव्य के लिए रवाना किया।

वर्जन...
छूट के नाम पर टोल कर्मियों पर अनैतिक दबाव बनाया जा रहा है। जबकि टोल वसूली कंपनी की गाइडलाइन के अनुसार ही की जा रही है। -विनोद मलिक, वीएमके टोल कंपनी
वर्जन..
क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। प्रशासन से बात कर जिस तरह की व्यवस्था दूसरे टोल बूथों पर है, वैसी ही व्यवस्था यहां कराई जाएगी। टोल वालों की यह गुंडागर्दी बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। - संजय चौधरी, भाजपा नेता
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें