सरूरपुर। थाना क्षेत्र के मेरठ-करनाल हाईवे पर गोटका गांव के पास सड़क पार कर रहे किसान को अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर किसान उछल कर सड़क पर जा गिरा। गंभीर रूप से घायल किसान की मौके पर ही मौत हो गई। थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, गांव गोटका निवासी कुंवरपाल (70) पुत्र परमाल सिंह रविवार शाम खेत से काम करने के बाद घर जा रहा था। वह खेत से निकलकर मेरठ-करनाल हाईवे को पार कर रहा था। तभी शामली की तरफ से आई तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से किसान ऊपर उछलते हुए हाईवे पर गिर गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ देर बाद किसान की मौके पर ही मौत हो गई। राहगीरों ने सड़क हादसे की सूचना परिजनों व थाना पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। किसान की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। समाचार लिखे जाने तक घटना की तहरीर नहीं दी गई थी।