मुंडाली। थाना क्षेत्र के गांव अजराड़ा निवासी युवक नाजिम की सऊदी अरब में सड़क हादसे में मौत के बाद गांव में गम और मायूसी का माहौल है। 25 वर्षीय नाजिम पुत्र इकरामुद्दीन लगभग छह महीने पहले नौकरी करने सऊदी अरब गया था। वहां वह चालक की नौकरी करता था। बुधवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बताया कि नाजिम बेहद मेहनती, शांत स्वभाव और मिलनसार युवक था। उसकी कमाई से ही परिवार का खर्च चलता था। गांव के लोगों का कहना है कि नाजिम की मौत केवल उसके परिवार ही नहीं बल्कि पूरे गांव के लिए अपूरणीय क्षति है। परिवार के सदस्य अब उसके पार्थिव शरीर को भारत लाने की प्रक्रिया में जुटे हुए हैं। प्रशासनिक और दूतावास स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है ताकि जल्द से जल्द नाजिम का शव गांव पहुंच सके और उसे सुपुर्द-ए-खाक किया जा सके। संवाद