मरीज की मौत पर अल्फा हॉस्पिटल में जमकर हंगामा
- तीन दिन पूर्व सड़क हादसे में घायल हुआ था फलावदा निवासी अंकित
- दूसरे ऑपरेशन से पहले ही हो गई मौत, पुलिस ने किसी तरह परिजनों को समझाया
संवाद न्यूज एजेंसी
गंगानगर। रजपुरा स्थित अल्फा हॉस्पिटल में दो दिन से भर्ती मरीज अंकित (25) की मौत हो गई। परिजनों ने बृहस्पतिवार शाम अस्पताल में डॉक्टर व स्टॉफ पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। इस दौरान भीम आर्मी के पदाधिकारी भी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद परिजनों को शांत कराया।
कस्बा फलावदा निवासी अंकित पुत्र अल्ली सिंह मवाना रोड फिटकरी गांव स्थित रंग बनाने की फैक्टरी में काम करता था। परिजनों के अनुसार बीते 22 अक्तूबर की रात वह रंगों के सैंपल लेकर अपनी बाइक से मवाना जा रहा था। छोटा मवाना के पास सड़क हादसे में वह घायल हो गया था। उसे रजपुरा स्थित अल्फा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। यहां न्यूरो सर्जन डॉ. अरुण कुमार ने सिर में गंभीर चोट बताई। सिर के दाएं हिस्से का ऑपरेशन कर दिया गया। जांच में बाएं हिस्से में भी खून जमा दिखाई दिया तो डॉक्टर ने दूसरा ऑपरेशन करने की बात कही।
बृहस्पतिवार दोपहर अंकित की अचानक हालत बिगड़ी और मौत हो गई। इसकी सूचना पर परिजन और अन्य लोग अस्पताल पहुंच गए। परिजनों ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने भी बाद में हंगामा किया। सूचना पर गंगानगर थाना प्रभारी अनूप सिंह पहुंचे और परिजनों से वार्ता की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, अल्फा अस्पताल के मैनेजर ललित के मुताबिक एक्सीडेंट में मरीज के सिर में गंभीर चोट थी। सिर की सिटी स्कैन सहित अन्य जांच परिजनों को दिखाने के बाद ही ऑपरेशन न्यूरो सर्जन अरुण कुमार द्वारा किया गया था। अब फिर से हुई जांच में दूसरी ओर खून जमा दिखाई दिया। इसके बाद ऑपरेशन की बात कही थी। उपचार में लापरवाही के आरोप गलत हैं।
-
10 दिन पहले बुजुर्ग की मौत पर भी हुआ था हंगामा
बीते 14 अक्तूबर को भी सलारपुर गांव निवासी 60 वर्षीय जगपाल प्रजापति की भी मौत पर हंगामा हुआ था। वह भी सड़क हादसे में घायल हुए थे। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया था। पुलिस ने अस्पताल के मैनेजर व मेडिकल स्टोर संचालक पर अभद्रता का आरोप लगाया था।