मेरठ। पीएल शर्मा जिला अस्पताल में नेत्र ओटी शुक्रवार से चलेगी और ऑपरेशन होंगे। बुधवार को रूटीन जांच में ओटी में संक्रमण निकला था, जिसके बाद नियमानुसार एक ओटी को बन्द करा दिया गया था। सफाई और एंटी बैक्टीरियल स्प्रे करने के बाद उसे 48 घंटे के लिए बद कर दिया जाता है।
जिला अस्पताल में तीन ओटी हैं। जनरल ओटी, नेत्र रोग ओटी और हड्डी रोग ओटी। दो ओटी संचालित हो रही हैं। नेत्र ओटी में हर रोज 6 से 8 ऑपरेशन होते हैं। चिकित्सा अधीक्षक डॉ कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि माह में एक से दो बार ऑपरेशन थियेटर में संक्रमण की जांच कराई जाती है, ताकि मरीज संक्रमण का शिकार न हों। उन्हें बचाने के लिए यह नियमित प्रक्रिया अपनाई जाती है। ओटी में संक्रमण की जांच अलग-अलग समय पर होती है, ताकि बड़े ऑपरेशन प्रभावित न हों। जिला अस्पताल के विकिरण अधिकारी पीके वार्ष्णेय ने बताया कि मोतियाबिंद आदि के ऑपरेशन वालों को अगली तारीख दी गई है। ओटी में अक्सर संक्रमण मिल जाता है। ब्यूरो