पूर्व सैनिक संगठन की बैठक। (मवाना)
मवाना। पूर्व सैनिक संगठन की बैठक में पंजाब और हिमाचल के बाढ़ पीडितों की सहायतार्थ धनराशि एकत्र कर एसडीएम के माध्यम से भेजे जाने का निर्णय लिया गया।
अंबेडकर पार्क में संपन्न हुई संगठन की बैठक में निर्णय लिया गया कि पंजाब और हिमाचल के बाढ़ पीडितों की सहायता के लिए संगठन द्वारा धनराशि एकत्र कर एसडीएम के माध्यम से भेजी जाएगी। संगठन के अध्यक्ष जयचंद फौजी ने कहा कि 1965 की लड़ाई में पंजाब के लोगों ने सेना का पूरा साथ दिया था। पंजाबवासियों ने अपने हिस्से के फल, दूध आदि खाद्य सामग्री सेना को दी थी। इससे सेना का हौंसला बुलंद हुआ था। आज पंजाब के लोग बाढ़ और प्राकृतिक आपदा झेल रहे हैं। घरों में पानी भरा है, बाढ़ के पानी से फसल और खेत बर्बाद हो गए हैं। ऐसे में हम सभी पूर्व फौजियों का कर्तव्य है कि हम सब मिलकर पंजाब के लोगों की हरसंभव मदद करें। अपनी पेंशन राशि से पीडितों की मदद की जाए। बैठक में अमरीश शर्मा, देवेंद्र फौजी, महेंद्र शर्मा, ओमपाल सिंह, मोहम्मद सिराजुद्दीन, जसबीर सिंह, महराज सिंह, ब्रह्मपाल सिंह, धर्मेंद्र देशपाल आदि उपस्थित रहे।