लिसाड़ीगेट में बदमाशों से मुठभेड़, एक को लगी गोली
मेरठ। लिसाड़ी गेट के शौकीन गार्ड बजौट रोड पर बुधवार आधी रात एसओजी व लिसाड़ीगेट पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इसमें 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश नवाब निवासी पूर्वा इलाही बक्श के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि दूसरा साथी इमरान उर्फ टट्टी मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ कई थानों में वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं।
एसपी क्राइम अनित कुमार ने बताया कि बुधवार रात एसओजी को सूचना मिली कि बाइक पर दो संदिग्ध लिसाड़ीगेट की तरफ से आ रहे हैं। एसओजी टीम ने दोनों को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान एक बदमाश ने तमंचे से फायर कर दिया। जैसे ही पुलिस ने पीछा करते हुए फायरिंग की, तो दूसरा बदमाश फरार हो गया। मौके से पुलिस को एक बाइक, एक तमंचा और 4 कारतूस मिले हैं। आरोपी नवाब पर लिसाड़ीगेट, भावनपुर थाने में वाहन चोरी के मुकदमे दर्ज हैं। वह हापुड़ से भी वाहन चोरी के मामले में फरार चल रहा है।