मेरठ। बारिश के चलते शहर के कई इलाकों की बिजली भी गुल हो गई। सबसे अधिक समस्या हापुड़ रोड एल ब्लॉक और गढ़ रोड स्थित सोमदत्त सिटी में रही। एल ब्लॉक में सुबह 3 बजे से लेकर 9 बजे तक और सोमदत्त सिटी में सुबह 4 बजे से 2 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। बारिश के कारण फाॅल्ट भी ठीक नहीं हो सके, जिसके चलते अन्य उपकेंद्रों से विद्युत सप्लाई कराई गई। बिजली न होने के कारण इन इलाकों में 25 हजार से अधिक की आबादी को पीने का पानी तक नहीं मिल सका।
रविवार सुबह 4 बजे के आसपास मेडिकल देहात बिजलीघर के बाहर 11 केवी की अंडरग्राउंड केबल में फाॅल्ट हो गया। इस कारण क्षेत्र से जुडे सोमदत्त सिटी क्षेत्र में दोपहर 2 बजे तक विद्युत आपूर्ति बाधित रही। बारिश के कारण मरम्मत कार्य में परेशानी आई। अंडरग्राउंड केबल को ठीक करने के लिए गड्ढ़ा खोदना था, लेकिन बारिश के चलते कार्य बाधित रहा। कार्य न होने पर अन्य फीडर से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति सुचारू कराई गई। अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने बताया कि मेडिकल देहात बिजली घर के पास फाॅल्ट हुआ है। क्षेत्र में वैकल्पिक व्यवस्था कराई गई है। इसके अलावा शहर क्षेत्र के एल ब्लॉक में 11 केवी के विद्युत तार क्षतिग्रस्त होने के कारण फाल्ट हो गया। इस कारण एल ब्लॉक, के ब्लॉक समेत कई इलाकों में रविवार सुबह 3 बजे से लेकर 9 बजे तक 6 घंटे बिजली बाधित रही। सुबह के समय बिजली न होने के कारण दोनों क्षेत्रों के लोगों को पीने के पानी की सप्लाई नहीं हो सकी। करीब 25 हजार से अधिक आबादी को बिना बिजली पानी के रहना पड़ा।
बारिश के कारण भी गुल हुई बिजली
बारिश के कारण भी शहर में कंकरखेड़ा, घंटाघर, माधवपुरम, साकेत, न्यू प्रभात नगर, जागृति विहार समेत कई क्षेत्रों में बिजली बार बार आती जाती रही। कई जगहों पर पेड़ों की शाखाएं लाइनों के ऊपर आने के कारण भी बिजली बार बार आती जाती रही। तेज हवा और बारिश से बिजली न आने के कारण उपभोक्ताओं को परेशान होना पड़ा।
जागृति विहार एक्सटेंशन में सुचारू हुई विद्युत आपूर्ति
पिछले सप्ताह जागृति विहार एक्सटेंशन के 220 केवी उपकेंद्र के पास 33 केवी की अंडरग्राउंड लाइन में फाल्ट हो गया था। इस कारण जागृति विहार एक्सटेंशन, सेक्टर 6, 7 और 8 आदि जगहों की बिजली गुल हो गई थी। फाल्ट न मिलने के कारण दिनभर बिजली गुल रही थी, जन्माष्टमी का त्योहार होने के कारण क्षेत्र की आपूर्ति मेडिकल बिजलीघर से कराई गई थी। अब विभाग की ओर से दो दिन पूर्व फाल्ट ठीक कराया गया और रविवार को जागृति विहार एक्सटेंशन में स्थित उपकेंद्र से विद्युत आपूर्ति सुचारु कराई गई।
एल ब्लॉक में 11 केवी की विद्युत लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस कारण क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बाधित रही। रविवार सुबह 9 बजे लाइन ठीक कराकर विद्युत आपूर्ति सुचारू कराई गई। बारिश के कारण भी बार बार कट लगते रहे। - राजेंद्र बहादुर, अधीक्षण अभियंता शहर