मेरठ। निकाय चुनाव प्रचार का मंगलवार को अंतिम दिन है, जिसमें जुलूसों पर जोर रहेगा। सभी प्रत्याशी अपनी पूरी ताकत झोकेंगे। पांच बजे के बाद चुनाव प्रचार का पहिया थम जाएगा। इसके बाद प्रचार करने वाले प्रत्याशियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। बुधवार सुबह से मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियां रवाना होनी शुरू हो जाएंगी। प्रत्याशियों की 11 मई 2023 को अग्नि परीक्षा होगी। 13 मई को नतीजे आएंगे।
मेरठ में दूसरे चरण में बृहस्पतिवार सुबह 7:00 बजे से मतदान होगा। नगरीय निकाय चुनाव में महापौर पद पर 15, पार्षद पद पर 522, दोनों नगर पालिकाओं (मवाना व सरधना) में अध्यक्ष पद पर 27, सदस्य पद पर 237 व नगर पंचायत में अध्यक्ष पद पर 141 और सदस्य पद पर 763 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने बताया कि 316 वार्ड, 503 पोलिंग स्टेशन, 1480 बूथों पर 16,09, 831 मतदाता वोट करेंगे। नगर निगम का मतदान ईवीएम से और नगर पालिका-नगर पंचायत में बैलेट पेपर से मतदान होगा। इसके लिए 57 निर्वाचन अधिकारी, 89 सहायक निर्वाचन अधिकारी, 38 जोनल मजिस्ट्रेट और 154 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
नगर निगम और नगर पालिका, नगर पंचायतों के मतगणना के लिए पोलिंग पार्टियां भामाशाह पार्क से रवाना होंगी। सभी 16 निकाय चुनाव के प्रत्याशियों की निगरानी के लिए 19 टीमें बनाई गई हैं। नगर निगम चुनाव कराने के लिए बने प्रेक्षक सुधीर महादेव बोडबे और नगर पालिका-नगर पंचायत चुनाव प्रेक्षक कंचन सरन ने कहा कि निगरानी टीम को निर्देश दिए गए हैं कि चुनाव प्रचार थमने के बाद प्रचार करने वाले प्रत्याशियों और उसके समर्थकों की वीडियोग्राफी कर मुकदमा दर्ज कराया जाए।
कर्तव्य निभाएं, वोट जरूर दें
अमर उजाला में आठ दिन संवाद किया गया, जिसमें सामाजिक संगठन, युवा, महिला, व्यापारी, उद्यमी, चिकित्सक, कर्मचारी, सीए और बिल्डर सहित अन्य विभागों से जुड़े लोगों के साथ संवाद किया, जिसमें सभी संगठनों के समाजसेवियों ने मतदाताओं से अपील की है कि 11 मई को मतदाता ज्यादा से ज्यादा संख्या में घरों से निकलें और अपने अधिकार का प्रयोग करें।
10 मई तक मतदाता तक पर्ची पहुंचाएं बीएलओ
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। डीएम दीपक मीणा ने मंगलवार को निर्वाचन सुपरवाइजर औ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विकास भवन सभागार में बैठक की। उन्होंने निर्वाचन सुपरवाइजर को निर्देश दिए कि 10 मई की शाम तक वोटर को मतदाता पर्ची मिल जानी चाहिए। अभी कई जगह से शिकायतें आ रही हैं कि बीएलओ ने मतदाता पर्ची नहीं बांटी है। डीएम ने एसीएम से कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से मतदान केंद्रों का निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की गाइडलाइन के अनुसार, मतदान प्रक्रिया को सकुशल संपन्न कराना है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। एडीएम प्रशासन अमित कुमार सिंह, एसडीएम सदर ओजस्वी राज, एसीएम संगीता सहित अन्य संबंधित अधिकारी और निर्वाचन सुपरवाइजर उपस्थित रहे।
यहां करें शिकायत
डीएम दीपक मीणा का कहना है कि अगर मतदाता को कोई भी चुनाव से संबंधित शिकायत करनी है तो उसके लिए हेल्पलाइन नंबर और ईमेल जारी किए गए हैं। 24 घंटे शिकायत सुनने के लिए कंट्रोल रूम में तीन शिफ्ट में कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। यह कंट्रोल रूम 13 मई 2023 तक जारी रहेगा। फोन नंबर 0121-2991191 और 0121-2664133 है। ई-मेल आईडी complaintcell.upmrtmcelec2023gmail.com है।
-
प्रारूप 17 पर मतदान और प्रारूप 34 पर बनेंगे मतगणना अभिकर्ता
मेरठ। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान और मतगणना अभिकर्ता को नियुक्त करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। मतदान अभिकर्ता की नियुक्ति प्रारूप-17 में की जाएगी और मतगणना अभिकर्ता की नियुक्ति प्रारूप-34 पर होगी। यह जानकारी जिला मुख्य विकास अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी शशांक चौधरी ने दी। इनका कहना है कि नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन-2023 के लिए राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा दिए गए निर्देशानुसार मतदान एवं गणना अभिकर्ता नियुक्त किए जाने हैं। कोई उम्मीदवार या उसका निर्वाचन अभिकर्ता, मतदान अभिकर्ता और अवमुक्ति अभिकर्ता की नियुक्ति कर सकता है। मतों की गणना के समय अपना गणना अभिकर्ता भी नियुक्त कर सकते हैं। प्रारूप पर मतगणना अभिकर्ता का फोटो लगा होगा। निर्वाचन अभिकर्ता एवं मतगणना अभिकर्ता की नियुक्ति की प्रति अपने पास रखेगा। कोई जनप्रतिनिधि या आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्ति अथवा केंद्र, राज्य सरकार एवं स्थानी निकायों में लाभ के पद पर आसीन व्यक्ति को मतदान अभिकर्ता नहीं बनाया जाएगा। ब्यूरो
-
दोनों प्रेक्षकों ने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर लिया जायजा
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। नगर निगम में प्रेक्षक सुधीर महादेव बोबडे (अपर मुख्य सचिव, उच्च शिक्षा विभाग यूपी) और नगर पालिका-नगर पंचायत में प्रेक्षक डॉ. कंचन सरन (अपर आयुक्त अलीगढ़) ने सोमवार को कई मतदान केंद्रों का जायजा लिया। व्यवस्था बेहतर करने की बात कही। प्रेक्षकों का कहना है कि मतदान केंद्रों पर भीड़ न लगे और शांतिपूर्वक चुनाव संपन्न कराना प्राथमिकता है। सरधना में अधूरी तैयारी को जल्द पूरा करने की बात डॉ. कंचन सरन ने की। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील 272 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के इंतजामों की जानकारी ली। कंचन सरन का कहना कि नगर पालिका और नगर पंचायत में रोजाना मतदान केंद्रों पर निरीक्षण करेंगे। जहां कोई कमी है, उनको मतदान वाले दिन से पहले ही ठीक कराएंगे।
-
प्रेक्षकों से भी कर सकते हैं शिकायत
दोनों प्रेक्षकों ने मतदाताओं के लिए मोबाइल नंबर जारी किए हैं। मुलाकात करने के लिए दो-दो घंटे का समय भी निर्धारित किया है। सुधीर महादेव बोबडे का प्रवास कक्ष सं.-04 सर्किट हाउस में है, जहां पर 3 से 5 बजे तक मिलने का समय दिया गया है। दूरभाष नंबर -0121-2991176, 6397332747 पर कॉल कर सकते हैं। वहीं, डाॅ. कंचन सरन का प्रवास कक्ष सं.-08 सर्किट हाउस मेरठ में है, जिसमें मुलाकात के लिए सुबह 11:00 बजे से 1:00 बजे तक का समय दिया गया है। दूरभाष संख्या 0121-2991175 और 6397355159 है।