दौराला (मेरठ)। देहरादून हाईवे पर मेरठ-मुजफ्फरनगर बाॅर्डर पर दादरी गांव के पास मंगलवार देर रात शराब के नशे में चालक ने बाइक से भरे कंटेनर में आग लगा दी और फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक ओर से ट्रैफिक रुकवाया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक 100 बाइकें जल चुकी थी।
दिल्ली-देहरादून हाईवे पर दादरी गांव के पास दो दिनों से बाइक से भरा कंटेनर खड़ा था। लोगों के अनुसार कंटेनर चालक दो दिन से यहां शराब पी रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंगलवार को भी चालक को नशे की हालत में कंटेनर के पास देखा गया। मंगलवार देर रात चालक ने अपने हाथ की नस काटी और कंटेनर में आग लगा दी। इसके बाद वह मौके से भाग निकला। लोगों ने कंटेनर में आग लगने की सूचना दौराला पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने हाईवे पर एक ओर का ट्रैफिक रोक दिया। सूचना पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों ने बामुश्किल आग पर काबू पाया। थाना प्रभारी संजय कुमार शर्मा ने बताया कि कंटेनर चालक बाइक लेकर कहां जा रहा था, इसकी जांच की जा रही है। कंटेनर में टीवीएस कंपनी की लगभग 100 बाइक थीं। आग से एक करोड़ रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।