पीड़िता ने गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया
संंवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लोहियानगर थाना क्षेत्र की एक कालोनी की रहने वाली तलाकशुदा महिला ने एक आरोपी पर शादी का झांसा देकर दो साल तक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पीड़िता ने आरोपी पर जबरन गर्भपात कराने का भी आरोप लगाकर एसएसपी से शिकायत की है।
एक कालोनी निवासी महिला ने बताया कि उसका पति से तलाक हो चुका है। क्षेत्र के रहने वाले युवक का उससे प्रेम प्रसंग था। युवक ने शादी का झांसा देकर दो साल तक दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर पीड़िता से शादी के लिए कहा तो आरोपी ने गर्भपात करा दिया। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता से शादी करने से इन्कार कर दिया। आरोपी ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में थाने में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नही की।
इस मामले में दोनों पक्षों की थाने में पंचायत भी हुई। आरोपी ने फिर से शादी का वादा कर दिया और संबंध बनाने लगा। अब दो माह की गर्भवती होने पर आरोपी ने फिर से शादी से इन्कार कर दिया है। थाने जानेे पर पुलिसकर्मियाें ने उसे फटकर लगाकर भगा दिया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि मामला मेरे संज्ञान में नहीं है, जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। संवाद