शामली। डीएम अरविंद चौहान ने मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुड़ाना का जायजा लिया। निरीक्षण के समय कैंपस में साफ-सफाई व कूड़ा निस्तारण ना मिलने पर नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित चिकित्साधीक्षक को कड़ी फटकार लगाते हुए साफ सफाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी ने अस्पताल में रखी डस्टबिन तक को चेक किया। ओपीडी रजिस्टर चेक किया जिसमें उपचार विवरण नहीं मिला। डीएम टीकाकरण कक्ष में जाकर एएनएम रजिस्टर पूछने पर बताया गया कि रजिस्टर फील्ड में है जिसको लेकर निर्देशित किया गया। औषधि भंडार का निरीक्षण कर दवाइयां की उपलब्धता को चेक किया। साथ ही ऑनलाइन डाटा भी चेक किया। मौके पर औषधि से संबंधित सभी रिकॉर्ड दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने आए मरीजों से उपचार को लेकर भी वार्ता की गई। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जो भी खामियां निरीक्षण के दौरान पाई गई है उनको तत्काल दुरुस्त कर लिया जाए। एक सप्ताह बाद फिर से निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के समय मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ अनिल कुमार, चिकित्सा अधीक्षक रजत चौहान, आशुतोष आदि विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे।