मवाना। संपूर्ण समाधान दिवस में तहसीलदार आकांक्षा जोशी ने नायब तहसीलदारों तथा तहसील के स्टाफ के साथ लोगों की शिकायतों को सुना। कुल 102 शिकायतें आई, जिसमें से मौके पर 16 का ही निस्तारण हो सका।
संपूर्ण समाधान दिवस में तहसीलदार आकांक्षा जोशी, नायब तहसीलदार अंकित तोमर व आदेश कुमार व तहसील स्टाफ के साथ लोगों की शिकायतों को सुना। मोहल्ला काबलीगेट के सूरजमल गुप्ता ने डोलबंदी कराने, शारदा कल्याण सिंह ने वृद्धावस्था पेंशन दिलाने, ओमपाल रहमापुर ने किसान सम्मान निधि दिलाने, अनीता अगवानपुर ने पक्का मकान बनवाने, सुरेश किशोरपुर ने सरकारी संपत्ति को कब्जा मुक्त कराने, उम्मेद अली जई ने भुगतान दिलाने, दिवाकर त्यागी अलीपुर ने सरकारी नाली को कब्जा मुक्त कराने, दीपक भैंसा ने राशन डीलर की जांच कराने, बाला हस्तिनापुर ने प्लाट को कब्जा मुक्त कराने, ओमबीर सनौता ने खाते से पैसा निकलवाने, मंजर अली नंगला चांद ने भूमि की पैमाइश कराने, चरण सिंह किशोरीपुरा ने भूमाफिया के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने, सतबीर शाहपुर ने कृषक दुर्घटना कल्याण योजना में आवेदन कराने, अनीता बडा गांव सामुदायिक शौचालय की सफाई कराने आदि शिकायतें प्राप्त हुई।
तहसीलदार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निस्तारण करने के आदेश दिए। इनमें राजस्व की 52, पुलिस विभाग की 16, विकास की 11, शिक्षा की 2, समाज कल्याण की 3 तथा अन्य विभागों की 18 शिकायतें प्राप्त हुई।