बड़ौत। सीएचसी में डिजिटल पर्ची की सुविधा फिलहाल बेपटरी है। इस कारण मरीजों की लंबी लाइन लग जाती है और घंटों धूप में खड़े होकर पर्चियां बनवानी पड़ रही हैं। उधर, शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
आपको बता दें मरीजों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए सीएचसी पर ऑनलाइन पर्चियां बनवाने की व्यवस्था की गई थी ताकि मरीज पर्चियां बनवाते समय परेशान न हों। लेकिन स्वास्थ्य विभाग की यह व्यवस्था मात्र दो ही महीने चल सकी। फिलहाल सीएचसी पर आए मरीजों को एक से दो घंटे धूप में खड़े होकर पर्चियां बनवाने पड़ रही हैं। अमित, सुधाकर, प्रमाेद, आकाश, सुनील ने बताया कि सीएचसी पर पिछले एक माह से ऑन लाइन पर्चियां नहीं बन रही हैं, जिस कारण धूप में खड़े होकर पर्चियां बनवानी पड़ रही हैं। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डा़ विजय कुमार का कहना है कि सीएचसी में पर्ची काउंटर पर डिजिटल सेवा शुरू की गई थी, लेकिन कभी इंटरनेट का लिंक न आना और कभी कर्मचारी की कमी के चलते परेशानियां उत्पन्न हो जाती हैं। फिर भी मरीजों को बेहतर से बेहतर सुविधा दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।