बसों में डिजिटल सेवा शुरू, यात्रियों ने किया भुगतान
मेरठ। अब परिवहन विभाग की बसों में यात्री डिजिटल भुगतान करके टिकट प्राप्त कर सकेंगे। बुधवार से मेरठ रीजन समेत प्रदेश भर में यह सेवा शुरू कर दी गई। यात्रियों ने डिजिटल भुगतान कर टिकट प्राप्त किया।
मेरठ रीजन में पांच डिपो सोहराब गेट, मेरठ डिपो, भैंसाली डिपो, गढ़ डिपो और बड़ौत डिपो शामिल है। इन डिपो से करीब 1000 बसों का संचालन होता है। अब सभी बसों में यात्री डिजिटल भुगतान कर टिकट प्राप्त कर सकते हैं। इससे जेब में नकदी और खुले पैसे आदि की दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। अभी तक केवल नगद भुगतान पर ही टिकट प्राप्त किया जा सकता था। अब दोनों माध्यम से भुगतान करके टिकट प्राप्त किया जा सकेगा।
13 यात्रियों ने लिए यूपीआई टिकट
बसों में शुरू हुए डिजिटल भुगतान में पहले दिन मेरठ रीजन की बसों में मात्र 13 लागों ने यूपीआई के माध्यम से बस टिकट प्राप्त किया। सबसे कम टिकट वाराणसी में लिए गए। वहां दो ही टिकट लिए गए। सबसे अधिक प्रयागराज में 83 टिकट लिए गए।
यात्रियों ने कहा, अब नहीं होगी खुले पैसों की मारामारी
मेरठ से गढ़ जाने वाले यात्री जय शंकर शर्मा ने डिजिटल भुगतान कर टिकट लिया। और कहा कि अब बकाया के लिए इंतजार नहीं करना होगा। मेरठ से अलीगढ़ के लिए जाने वाले अमित ने कहा कि अब यह ध्यान नहीं देना होगा कि उनकी जेब में नगदी है या नहीं। अभी तक बस का किराया ही बचा था जो डिजिटल भुगतान नहीं हो पा रहा था। अब इससे राहत पहुंची है।
ये होंगे लाभ
- खुले पैसों की दिक्कत नहीं होगी
- परिचालकों के साथ लूट के हादसों में आएगी कमी
- यात्रियों को नहीं चलना पड़ेगा कैश साथ लेकर
- सीधे मुख्यालय खाते में पहुंचेगा यात्री किराया
यात्रियों के लिए डिजिटल भुगतान सेवा शुरू हो चुकी है। इससे सभी को लाभ पहुंचेगा। -केके शर्मा क्षेत्रीय प्रबंधक, मेरठ रीजन