मेरठ। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) ने मंगलवार को शहर में अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाया। मेडा ने हापुड़ रोड और कैलाशपुरी सहित चार जगहों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण ध्वस्त कराए। मेडा की टीम के अनुसार हापुड़ रोड स्थित अलीपुर में शौकत नाम के व्यक्ति ने लगभग 1000 वर्गमीटर क्षेत्र में भूतल पर निर्माण कार्य शुरू किया था। अलीपुर जिजमाना में फईम द्वारा लगभग 500 वर्गमीटर क्षेत्र में निर्माण कराया जा रहा था। हापुड़ रोड स्थित भगवानपुर में उमेश की ओर से 500 वर्गमीटर में शेड डालकर गोदाम का निर्माण और कैलाशपुरी के दुर्गानगर में अभिषेक गोयल द्वारा तीन मंजिल की इमारत बनाई जा रही थी। इन मामलों में प्राधिकरण ने आठ दिसंबर को सीलिंग आदेश जारी किए थे।