मेरठ। जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि महाराज की जान को खतरा बताकर जेड प्लस श्रेणी सुरक्षा की मांग को लेकर विभिन्न संगठनों के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कमिश्नरी और एसएसपी ऑफिस पर प्रदर्शन किया।
कार्यकर्ताओं ने डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर महामंडलेश्वर की जान-माल की सुरक्षा की मांग की। उन्होंने डासना देवी मंदिर के बाहर उग्र नारेबाजी करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की। सत्य सनातन रक्षक दल, सच संस्था, हिन्दू समाज मेरठ आदि संगठन प्रदर्शन में शामिल रहे। कार्यकर्ताओं ने कमिश्नरी से कलक्ट्रेट तक जुलूस निकाला। प्रदर्शन करने वालों में चहन सिंह बालियान, कार्तिक, महेश त्यागी, अजय चंद्रा, दीपक शर्मा, सचिन सोनकर, मनमोहन जौहरी, विशाल बिंदल, नीरज, हर्श यादव, देवेंद्र देशवाल आदि शामिल रहे।
सचिन सिरोही ने कहा कि लिसाड़ी गेट थाने में हंगामा करते हुए मुस्लिम समाज के लोगों ने पुलिस की मौजूदगी में ही यति नरसिंहानंद महाराज का सिर कलम करने और जीभ काटने की धमकी दी। इसके बावजूद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं हुआ। सचिन सिरोही ने प्रशासन को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए उपद्रवियों की गिरफ्तारी और यति नरसिंहानंद महाराज को रिहा कर जेड प्लस सुरक्षा की मांग की।